घर के बंटवारे के विवाद में बड़े भाई पर टांगा से हमला, दो माह बाद घरघोड़ा पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

indrapal
previous arrow
next arrow

News 99 Raigarh

रायगढ़। घर के बंटवारे को लेकर बड़े भाई पर लोहे के टांगा से जानलेवा हमला कर करीब दो माह से फरार चल रहे आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस ने आरोपी रूपधर राठिया (47 वर्ष) को उसके गांव चिमटापानी से दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घर के बंटवारे को लेकर बड़े भाई से था विवाद

मामले में प्रार्थी/आहत महेत राम राठिया (50 वर्ष), निवासी ग्राम चिमटापानी ने 04 जुलाई 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके छोटे भाई रूपधर राठिया तथा मंझले भाई पुनीराम राठिया के साथ घर को लेकर विवाद चल रहा था। रूपधर आए दिन उक्त मकान को अपना बताते हुए परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने की धमकी देता था।

प्रार्थी के अनुसार 22 जून 2026 की शाम वह घर की परछी में अपने पिता गाडाराय राठिया तथा छोटे भाई रूपधर राठिया से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान घर से निकलने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर रूपधर राठिया ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे लोहे के टांगा से अपने बड़े भाई महेत राम राठिया पर हमला कर दिया।

हमले में महेत राम के सिर, सिर के पीछे तथा बायीं आंख के पास गंभीर चोटें आईं। घटना देखकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और डायल-112 की सहायता से घायल को घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका उपचार हुआ।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन तथा आहत की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद से आरोपी रूपधर राठिया लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी।

दो माह बाद गांव लौटा तो पुलिस ने दबोचा

एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी द्वारा लंबित मामलों के फरार आरोपियों पर मुखबीर लगाने के दिशा निर्देशों पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव द्वारा आरोपित के गांव में मुखबीर लगाकर रखा गया था । कल थाना प्रभारी को सूचना मिली कि फरार आरोपी रूपधर राठिया अपने गांव चिमटापानी आया हुआ है। सूचना पर घरघोड़ा पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह कमाने-खाने के लिए बाहर चला गया था।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा (आलाजरब) बरामद कर जप्त किया। आरोपी रूपधर राठिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

  • Top Search