उपसरपंच की गिरफ्तारी से गरमाई रायगढ़ की सियासत, कांग्रेस नेताओं ने थाने में शुरू किया धरना

indrapal
previous arrow
next arrow

ST/SC एक्ट के मामले में राजू डनसेना की गिरफ्तारी के बाद उमेश पटेल समेत कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई पर उठाए सवाल, पुलिस के आधिकारिक पक्ष का इंतजार

रायगढ़। रायगढ़ विकासखंड के ग्राम तारापुर में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी के बीच उपसरपंच राजू डनसेना की गिरफ्तारी ने स्थानीय विवाद को सियासी रंग दे दिया है। ST/SC एक्ट से जुड़े मामले में गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतरारोड थाने पहुंच गए और कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गए। खरसिया विधायक उमेश पटेल ने गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक दबाव का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार पर पुलिस के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

गिरफ्तारी के विरोध में खरसिया विधायक उमेश पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कोतरारोड थाने पहुंच गए। नेताओं ने थाने में ही धरना शुरू कर दिया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई सामान्य कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव का परिणाम है। उनका कहना है कि उपसरपंच राजू डनसेना ने ग्राम सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पहल की थी और इसी के बाद उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई।

“पुलिस को राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल कर रही भाजपा”—उमेश पटेल
धरने के दौरान खरसिया विधायक उमेश पटेल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों और विरोध की आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए कर रही है। उमेश पटेल ने कहा कि “भाजपा पुलिस को राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल कर रही है। रायगढ़ में इस तरह की कार्रवाई पहले कभी देखने को नहीं मिली।” उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की पहल करने वाले उपसरपंच को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग
उपसरपंच की गिरफ्तारी के बाद मामला तेजी से राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बता रही है, वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के थाने में धरने पर बैठने से कोतरारोड थाना परिसर राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि वे उपसरपंच के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी चाहते हैं।

फिलहाल, कोतरारोड थाने में कांग्रेस का धरना जारी है और उपसरपंच की गिरफ्तारी ने तारापुर के स्थानीय सत्ता संघर्ष को अब सीधे जिले की राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने और आगे की कार्रवाई के बाद ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

  • Top Search